*नवनियुक्त एएसपी आईपीएस दीपिका अग्रवाल ने मीडियाकर्मियों से संवाद कर बताईं अपनी प्राथमिकताएं*
- *महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और त्वरित शिकायत निवारण पर रहेगा विशेष जोर*
नव नियुक्त सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) आईपीएस, दीपिका अग्रवाल ने जिले में नया पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को पहली बार स्थानीय मीडियाकर्मियों से औपचारिक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर रोक लगाने तथा नशा मुक्ति अभियान को गति देने संबंधी अपनी प्राथमिकताओं को विस्तार से साझा किया।
एएसपी दीपिका अग्रवाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने उन्हें महिला पुलिस थाना, साइबर क्राइम और आर्थिक अपराध का प्रभार सौंपा है। उन्होंने कहा कि जिले को अपराध मुक्त बनाने और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए एक मजबूत और प्रभावी रोड मैप तैयार किया जा रहा है।
*1. महिला सुरक्षा एवं 'दुर्गा शक्ति' का सुदृढ़ीकरण:*
*महिला अपराधों में गिरावट:* एएसपी दीपिका अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में लगभग 20% की कमी दर्ज की गई है। जिले में 40 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों को 'दुर्गा शक्ति' टीम के तहत सक्रिय किया गया है। छात्राओं और महिलाओं के साथ होने वाली अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए फुट पेट्रोलिंग तथा वुमेन राइडर्स (Women Riders) तैनात की जा रही हैं। यह टीमें स्कूल, कॉलेज की छुट्टी के समय तथा पंजाबी मार्केट जैसे व्यस्त महिला बाजारों में विशेष निगरानी रखेगी।
*पारिवारिक विवादों का समयबद्ध समाधान:* अब जिले में पारिवारिक और वैवाहिक विवादों को केवल 'सिविल मामला' मानकर अनदेखा नहीं किया जाएगा। इन शिकायतों को समय पर काउंसलिंग/मीडिएशन सेंटर (मध्यस्थता केंद्र) भेजकर घरेलू झगड़ों को गंभीर अपराध में बदलने से पहले ही सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
*2. बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और 1930 हेल्पलाइन:* एएसपी दीपिका अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि साइबर क्राइम से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे। उन्होंने बताया कि ठगी के शुरुआती 30 मिनट (Golden hours) के भीतर शिकायत दर्ज कराने पर ठगे गए पैसों को ब्लॉक कर उनकी रिकवरी की जा सकती है।
*3. जनसमस्याओं का समयबद्ध व पारदर्शी समाधान:* थाने में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या का एक निर्धारित समय-सीमा (Time Period) के भीतर समाधान करने का तंत्र बनाया गया है, ताकि आम नागरिकों को बार-बार पुलिस स्टेशनों के चक्कर न लगाने पड़ें।
*एएसपी दीपिका अग्रवाल ने मीडिया का धन्यवाद करते हुए कहा:*
"पुलिस और जनता के बीच मीडिया एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती है। रेवाड़ी जिले को सुरक्षित, नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने में मीडिया एवं आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।"
Rewari, Rewari | Sep 11, 2026