अफेयर को लेकर हुई BJP नेता के भतीजे की हत्या:रेवाड़ी में दोस्त और भतीजा गिरफ्तार; आरोपियों को गंजा कर मर्डर वाली जगह परेड कराई
रेवाड़ी में भाजपा नेता उत्तम सिंह के भतीजे जितेंद्र (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने जितेंद्र के दोस्त प्रवीण ठेकेदार और उसके भतीजे अमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रवीण और अमन का सिर मुंडवाकर भाड़ावास रोड पर परेड कराई। इसी जगह पर दोनों ने जितेंद्र की हत्या की थी।
ASP दीपिका अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रवीण की पत्नी का जितेंद्र के साथ अफेयर था। प्रवीण को इस बात का पता चल गया था। 7 सितंबर को प्रवीण ने अपने भतीजे अमन के साथ मिलकर जितेंद्र के सिर पर रॉड से वार किया और दोनों फरार हो गए। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
हत्या के बाद जितेंद्र के चाचा उत्तम सिंह ने आरोप लगाया था कि प्रवीण ने जितेंद्र की हत्या करने से पहले अपनी पत्नी का सिर फोड़ा था। इसी एंगल से पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई
ठेकेदार प्रवीण उर्फ पपला को अपनी पत्नी और दोस्त जितेंद्र के बीच अफेयर का शक था। इसके चलते उसने अपने घर में CCTV कैमरे लगवा दिए थे। पूछताछ में पैसे के लेन-देन का कोई प्रमाण नहीं मिला। 7 सितंबर को प्रवीण अपनी पत्नी को मायके जड़थल गांव छोड़ने के लिए निकला। रास्ते में उसने पत्नी से जितेंद्र को लेकर बात की। इस दौरान पत्नी ने स्वीकार किया कि उसका जितेंद्र के साथ अफेयर है।
पहले साथ बैठकर शराब पी, फिर सुनसान जगह ले जाकर हत्या की
ASP ने बताया कि पत्नी को मायके छोड़ने के बाद प्रवीण सीधे जितेंद्र के पास पहुंचा। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान प्रवीण जितेंद्र की हत्या करना चाहता था, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसके बाद उसने अपने भतीजे अमन को फोन कर बुलाया। दोनों जितेंद्र को शराब पीने के बहाने भाड़ावास रोड पर सुनसान जगह ले गए। वहां जितेंद्र के पेशाब करने के दौरान पीछे से उसके सिर पर हमला कर दिया।
Rewari, Rewari | Sep 11, 2026