डीटीसी की इलेक्ट्रिक बसों से रेवाड़ी-दिल्ली रूट पर बढ़ी यात्रियों की सुविधा
रेवाड़ी। रेवाड़ी से दिल्ली के बीच शुरू की गई डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस सेवा की ओर यात्रियों का रुझान बढ़ रहा है। सेवा शुरू होने के महज एक सप्ताह में करीब पांच हजार यात्री डीटीसी बसों से दिल्ली तक सफर कर चुके हैं। रेवाड़ी सब स्टैंड से प्रतिदिन औसतन 500 यात्री इन बसों का लाभ उठा रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग उत्साहित है।
डीटीसी बसों के संचालन से रेवाड़ी से राजधानी दिल्ली तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए सफर पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक हुआ है। 33 यात्रियों की क्षमता वाली इन बसों में सफर के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
बसें निर्धारित समय के मुकाबले करीब 20 मिनट पहले दिल्ली पहुंच रही हैं। इससे नौकरी, व्यापार, पढ़ाई और अन्य कामों के लिए रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को खास राहत मिली है
डीटीसी बस सेवा शुरू होने के बाद रेवाड़ी से दिल्ली रूट पर हरियाणा रोडवेज की बसों के 15 चक्कर कम किए गए हैं।
डिपो के बूथ पर इन बसों को दस मिनट का निर्धारित समय दिया जा रहा है। वीरवार को शाम छह बजे तक कुल नौ चक्कर यह बसें लगा चुकी थी। डीटीसी बसों का किराया
हरियाणा रोडवेज की एसी बसों के लगभग बराबर है।
ऐसे में यात्रियों को ज्यादा किराया चुकाए बिना अपेक्षाकृत सुविधाजनक और समयबद्ध सफर मिल रहा है। नियमित रूप से दिल्ली जाने वाले यात्रियों में इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
अन्य राज्यों के लिए भी सेवा बढ़ाने की तैयारी
रेवाड़ी से दिल्ली के बीच डीटीसी सेवा को मिली प्रतिक्रिया के बाद अब अन्य राज्यों के लिए भी डीटीसी बस सेवा शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिवहन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की ओर से संभावित रूटों और यात्रियों की जरूरत का आकलन किया जा रहा है। यदि इन प्रयासों को मंजूरी मिलती है तो रेवाड़ी से दूसरे राज्यों के प्रमुख शहरों के लिए भी सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ सकते हैं। डीटीसी सेवा शुरू होने से रेवाड़ी के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिला है। पहले सप्ताह में पांच हजार यात्रियों का सफर करना इस सेवा की शुरुआती सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
Rewari, Rewari | Sep 11, 2026