
डकैती की योजना बना रहे 5 शातिर गिरफ्तार, असलहे और दो मोटरसाइकिल बरामद
हरदोई। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, एक प्लास, एक सब्बल और दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को कोतवाली देहात पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुछ शातिर अपराधी मील कॉलोनी मोड़ के पास मौजूद हैं और डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अविनाश कुमार उर्फ विपुल पुत्र चन्द्रकान्त निवासी देहरूपवा थाना सुरसा, राजकिशोर पुत्र रामपाल निवासी ज्ञानपुरवा थाना सुरसा, श्यामप्रकाश पुत्र राजेश निवासी अंटा थाना कछौना, श्रवण उर्फ सरवन पुत्र मकंद निवासी भिखारीपुरवा थाना सुरसा तथा रामविलास पुत्र शंकर निवासी बन्दनिया थाना सुरसा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से एक तमंचा .315 बोर, तीन कारतूस .315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक प्लास, एक सब्बल और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घरों की रेकी कर रहे थे और रात में घर में घुसकर सोना-चांदी लूटकर भागने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 403/26, धारा 310(4) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Bilgram, Hardoi | Aug 24, 2026