
प्रतापगढ़ के युवक की मुंबई जाते समय संदिग्ध हालात में मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रतापगढ़। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के पूरे गुलाल निवासी दुकानदार दिनेश पांडेय (40) की मुंबई जाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दिनेश पांडेय अपने परिवार के साथ मुंबई में रहकर परचून की दुकान चलाते थे। कुछ दिन पहले वह गांव आए थे। बताया गया कि 10 अगस्त को वह उद्योग नगरी से मुंबई के लिए रवाना हुए थे, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी घर नहीं पहुंचे। इससे चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
18 अगस्त को परिजनों ने जीआरपी प्रतापगढ़ में दिनेश के लापता होने की सूचना दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, दिनेश गंभीर हालत में मुंबई के सायन अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दिनेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। अब परिवार शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहा है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
#प्रतापगढ़ #PratapgarhNews #Mumbai #HindiNews #BreakingNews #Accident