
गाटा संख्या 2190 की जमीन पर कब्जे का आरोप, सह खातेदारों के प्रार्थना पत्र से गरमाया मामला
हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र के ग्राम भदैचा में गाटा संख्या 2190 की जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में सह खातेदार राजीव कुमार सिंह उर्फ गुड्डू तथा राजेश कुमार सिंह की ओर से अलग-अलग स्तर पर दिए गए प्रार्थना पत्रों में जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। दोनों प्रार्थना पत्रों में प्रशासन और पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
कोतवाली शहर में दिए गए प्रार्थना पत्र में राजीव कुमार सिंह उर्फ गुड्डू ने बताया कि गाटा संख्या 2190 में वह सह खातेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनकी भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाने तथा बठिया लगाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रार्थी के अनुसार, संबंधित लोगों को रोकने पर उनके द्वारा ग्राम प्रधान द्वारा पट्टा किए जाने की बात कही गई और पट्टे के आधार पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, राजीव कुमार सिंह ने 20 अगस्त 2026 को तहसीलदार सदर हरदोई को खेत की पैमाइश के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। तहसीलदार के आदेश पर लेखपाल ने मौके पर जाकर पैमाइश की। प्रार्थी का आरोप है कि मौके पर उसकी भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तथा कब्जा करने वालों से पट्टे के कागजात मांगे गए, लेकिन कोई व्यक्ति पट्टे का कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद लेखपाल द्वारा संबंधित लोगों को जमीन से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए जाने की बात प्रार्थना पत्र में कही गई है।
वहीं, राजेश कुमार सिंह की ओर से एंटी भू-माफिया पोर्टल पर दर्ज शिकायत में भी गाटा संख्या 2190 की भूमि को लेकर कब्जे का आरोप लगाया गया है। शिकायत में बताया गया है कि राजेश कुमार सिंह सहित अन्य लोग उक्त गाटा संख्या के सह खातेदार हैं और भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है। शिकायतकर्ता के अनुसार, भूमि पर एक पक्का गोदाम, कमरा व स्टोर बना हुआ था, जिसमें सह खातेदार अपनी फसल, भूसा व चारा आदि सुरक्षित रखते थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी पक्ष ने कथित रूप से उक्त गोदाम का ताला तोड़कर उस पर कब्जा कर लिया और वहां रहना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मुकदमे में फंसाने तथा जान-माल की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स के तहत कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर कथित अवैध कब्जा हटवाने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
एंटी भू-माफिया पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार मामला वर्तमान में लंबित है। 24 अगस्त 2026 को शिकायत को उप जिलाधिकारी, हरदोई, राजस्व एवं आपदा विभाग को अग्रसारित किया गया है और नियत तिथि 23 सितंबर 2026 दर्शाई गई है।
गाटा संख्या 2190 को लेकर दोनों सह खातेदारों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्रों में कब्जे को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब राजस्व अभिलेखों, पैमाइश रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर प्रशासनिक जांच के बाद ही जमीन की वास्तविक स्थिति और कब्जे को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Bilgram, Hardoi | Aug 24, 2026