
नयागांव चौराहे पर चोरी से रात्रि गश्त पर उठे सवाल, पुलिस ड्यूटी के बीच दुकान से हजारों का माल पार
मल्लावां। थाना मल्लावां क्षेत्र के नयागांव चौराहे पर एक दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और ड्यूटी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। चौराहे के बीचों-बीच स्थित समोसा-पान-पुड़िया की दुकान का ताला तोड़कर चोर पान, पुड़िया, सिगरेट, बीड़ी और नकदी समेत करीब सात हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
पीड़ित के मुताबिक, घटना रात के समय हुई। चोरी की जानकारी होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उनका कहना है कि नयागांव चौराहे पर रात में पुलिस की ड्यूटी और गश्त का दावा किया जाता है, इसके बावजूद चोरों ने दुकान को निशाना बना दिया।
स्थानीय लोगों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि चौराहे पर रात्रि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी मौजूद थे तो दुकान का ताला टूटने और चोरों के सामान लेकर निकल जाने की भनक क्यों नहीं लगी। लोगों ने रात्रि ड्यूटी की वास्तविक स्थिति और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की जांच किए जाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि नयागांव चौराहा पूर्व में भी चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में प्रभावी रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पीड़ित और स्थानीय लोगों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से घटना की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही रात्रि ड्यूटी की भी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की ड्यूटी में लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।
Bilgram, Hardoi | Aug 26, 2026