
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ, हरदोई के 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
हरदोई, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के नवनियुक्त 3,446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में हरदोई जनपद के 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक हरदोई डॉ. राजेश कुमार और जिला कृषि रक्षा अधिकारी इन्द्रजीत यादव द्वारा जनपद के चयनित 46 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कराए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त कृषि तकनीकी सहायकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल सरकारी कार्यों तक सीमित नहीं है। उन्हें कृषि की आधुनिक तकनीकों को किसानों के खेत तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। इससे किसानों को नई तकनीक अपनाने और कृषि उत्पादन में सुधार करने में सहायता मिलेगी।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कृषि तकनीकी सहायकों की नियुक्तियों में आरक्षण एवं रोस्टर का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी की गई है।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव कृषि सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
15 दिन के भीतर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य
प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के नियुक्ति प्राधिकारी एवं उप कृषि निदेशक हरदोई डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जनपद के लिए चयनित सभी अभ्यर्थियों को 15 दिवस के भीतर निर्धारित अर्हता संबंधी प्रमाण-पत्रों के साथ अंकतालिकाओं की प्रतियां, जाति प्रमाण-पत्र तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यदि लागू हो, स्वप्रमाणित करके प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही मूल प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे।
चयनित अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, चल-अचल संपत्ति प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ योगदान आख्या भी प्रस्तुत करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज एवं योगदान आख्या प्रस्तुत होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों का समय से प्रशिक्षण प्रारंभ कराते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त समझा जाएगा।
Bilgram, Hardoi | Aug 25, 2026