
ड्राइविंग लाइसेंस के नियमों में बदलाव की तैयारी, पता अपडेट कराने की फीस खत्म करने का प्रस्ताव
#दिल्ली। ड्राइविंग लाइसेंस (DL) से जुड़े नियमों में बदलाव की तैयारी की जा रही है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नियमों में संशोधन का मसौदा जारी कर आम लोगों से 30 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। प्रस्ताव के तहत पता, मोबाइल नंबर और ईमेल अपडेट कराने की फीस समाप्त की जा सकती है। आधार के जरिए ऑनलाइन प्रमाणीकरण वाली सेवाओं को भी शुल्क मुक्त करने का प्रस्ताव है।
नाम या अन्य विवरण बदलने के आवेदन पर 15 दिनों में निर्णय लेने और पता बदलने का आवेदन 30 दिनों तक लंबित रहने पर उसे स्वतः स्वीकृत मानने का प्रावधान प्रस्तावित है। मसौदे में लाइसेंस नवीनीकरण, डुप्लीकेट DL और नई वाहन श्रेणी जोड़ने के लिए नए फॉर्म-2A, सारथी पोर्टल पर आवेदन की जानकारी स्वतः भरने तथा तीन महीने तक पुराने बिजली और घरेलू गैस बिल को पते के प्रमाण के रूप में स्वीकार करने जैसे बदलाव भी शामिल हैं।
इसके अलावा आवेदन में इमरजेंसी कॉन्टैक्ट और अंगदान (Organ Donor) का विकल्प देने तथा वाहन श्रेणी हटाने के आवेदन पर सात दिनों में स्वतः कार्रवाई का प्रस्ताव है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Oct 22, 2026