तालाब में मिला 20 वर्षीय युवती का शव, इलाके में मचा हड़कंप
हरदोई शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला भगवान गांव में शुक्रवार को तालाब में 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सुलोचना पुत्री सुरेश कश्यप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक, सुलोचना पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वह घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान तालाब के किनारे उसकी चप्पल मिली, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। शुक्रवार को तालाब में युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आंझी चौकी के उपनिरीक्षक विपिन चंद, कांस्टेबल हर्षित कुमार, प्रियांशु चहल, मुनेश और महिला कांस्टेबल ने परिजनों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
फिलहाल सुलोचना की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
Hardoi, Hardoi | Oct 23, 2026