बंजर भूमि पर दोबारा निर्माण का आरोप, एफआईआर दर्ज
#हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सैंती में ग्राम समाज की बंजर भूमि पर कथित अवैध कब्जे और दोबारा निर्माण किए जाने के मामले में रामाधीन पुत्र बालकराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम सैंती स्थित गाटा संख्या 602, रकबा 0.11 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है। आरोप है कि भूमि के एक हिस्से पर रामाधीन पक्का निर्माण करा रहे थे। तत्कालीन लेखपाल ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 67 के तहत तहसीलदार सदर, हरदोई के न्यायालय में वाद संख्या 7202610330114075 दर्ज कराया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रोक के बावजूद भूमि पर टीन डालकर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक टड़ियावां ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Oct 22, 2026