
एंबुलेंस सेवा में लापरवाही पर ₹2.23 लाख का अर्थदंड, कलेक्टर ने दी सख्त हिदायत
==
समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने आकस्मिक निरीक्षण जारी
==
अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
===
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा पिपरिया मिसर गांव की रोशनी बाई लोधी, पति टंडन लोधी द्वारा एंबुलेंस के लिए कॉल की गई थी, लेकिन एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की रिपोर्ट भोपाल स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई, जिसके आधार पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण में ₹2,23,819 का अर्थदंड आरोपित किया गया है।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा संबंधितों को भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न होने की सख्त हिदायत दी गई है। आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही सामने आने पर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अस्पताल समय पर खुलें, डॉक्टर एवं स्टाफ निर्धारित समय पर उपलब्ध रहें तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
24 घंटे में उपलब्ध कराई जाएं आवश्यक दवाएं
कलेक्टर ने कहा शासन द्वारा निर्धारित आवश्यक दवाएं अस्पतालों में उपलब्ध रहना चाहिए। अस्पतालों द्वारा दवाओं के लिए भेजे जाने वाले इंडेंट जिला CMHO कार्यालय को प्राप्त होने के बाद 24 घंटे के अंदर दवाएं जारी कर संबंधित अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अस्पताल का इंडेंट लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को निशुल्क उपचार और निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि मरीजों को आवश्यक दवाएं बाहर से खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।
#damoh #CMMadhyaPradesh #Damoh