
सार्वजनिक रास्ते पर ऑटो खड़े करने को लेकर विवाद, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में सार्वजनिक रास्ते पर ऑटो खड़े करने को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में मेराज अली ने थाना प्रभारी कासिमपुर को शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गांव के पप्पू पुत्र मेहंदी हसन, गुड्डू पुत्र मेहंदी हसन, तौसीफ पुत्र तकदीर और कैफ पुत्र तकदीर द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर लगातार ऑटो खड़े किए जाते हैं, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी होती है। मेराज अली का कहना है कि समस्या को लेकर चौकी गौसगंज में तीन बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त लोगों के घर के सामने से गुजरने के दौरान शिकायतकर्ता के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। शिकायतकर्ता ने पप्पू पर कथित रूप से ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मेराज अली ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक रास्ते से ऑटो हटवाने, कथित धमकियों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि तीन बार शिकायत के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और सार्वजनिक रास्ते पर खड़े किए जा रहे ऑटो की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।