
सेंट्रो से टक्कर मारने का प्रयास, युवक ने जताया जान का खतरा; पुलिस से कार्रवाई की गुहार
हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदिया मजरा सरदापुर निवासी दिलशाद पुत्र दोस्त मोहम्मद ने प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर जानलेवा हमले के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:24 बजे दिलशाद अपने खेत की ओर से घर लौट रहा था। आरोप है कि गनी के घर के पास पहुंचते ही इसाक पुत्र जान मोहम्मद निवासी बरगदिया मजरा सरदापुर दो अज्ञात लोगों के साथ सेंट्रो कार से पहुंचा और उसे टक्कर मारने का प्रयास किया।
पीड़ित का कहना है कि उसने किसी तरह दूसरी ओर भागकर अपनी जान बचाई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना को कुछ ग्रामीणों द्वारा देखे जाने की बात भी शिकायती पत्र में कही गई है।
दिलशाद ने आरोप लगाया कि इसाक उससे पुरानी रंजिश मानता है। शिकायती पत्र में बताया गया है कि इसाक की चाची ताहिरा पत्नी ताजू ने 31 अगस्त 2026 को इसाक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इसाक को संदेह है कि उक्त मुकदमा दिलशाद के कहने पर दर्ज कराया गया था। इसी रंजिश के चलते उस पर हमला करने का आरोप पीड़ित ने लगाया है।
पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में किसी अनहोनी से बचाने के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है।