
कलेक्टर श्री यादव के निर्देश पर ग्राम अगारा के सत्यम का बना तत्काल मृत्यु प्रमाण पत्र
==
अधिकारी-कर्मचारियों से कहा सभी मामलों में मानवीयता का परिचय दिया जाये आखिर हम भी इंसान है
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव जिला अस्पताल से जब घायल छात्रा को देखने के बाद लौटते समय बाहर परिसर में आये तो जिले के ग्राम अगारा बटियागढ़ निवासी गिरीश गौतम और उनकी पत्नी मीना गौतम ने अपनी व्यथा कलेक्टर को सुनाई और कहा मेरे बेटे सत्यम गौतम की मृत्यु 22 सितम्बर 26 हो गई थी, लेकिन अभी तक मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिला है, साहब में एक तो मेरा बेटा खत्म हो गया है, इसके बाद मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिल रहा है।
कलेक्टर श्री यादव ने मानवीयता का परिचय देते हुये परिजनों को तुरंत ढाढस बंधाया और कहा चिंता मत करो तुम्हें अभी बेटे का मृत्यु प्रमाण पत्र मिलेगा । उन्होंने तुरंत मोबाईल पर सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटैल को निर्देश दिये कि गौतम परिजनों को तत्काल बेटे का मृत्यु प्रमाण पत्र दिलाया जाये। उन्होंने तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी को भी निर्देशित किया कि तत्काल इन्हें मृत्यु प्रमाण पत्र दिलाया जाये।
कलेक्टर श्री यादव के निर्देश पर जिला चिकित्सालय ने तत्काल कार्यवाही करते हुये मृतक सत्यम गौतम का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया। कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से कहा है, सभी तरह के मामलों में मानवीयता का परिचय दिया जाये और उनकी परेशानियों का तत्काल निराकरण किया जाये, आखिर हम सब भी इंसान है, यह हमारा धर्म है।