
रेवाड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: गाड़ी को नुकसान पहुंचाने, गाली-गलौज व हवाई फायर करने वाले दो आरोपी वारदात के कुछ ही घंटों में किए गिरफ्तार।
-आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद करने हेतु लिया गया 01 दिन के पुलिस रिमांड पर।
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्य करते हुए सीआईए रेवाड़ी व थाना सदर रेवाड़ी पुलिस ने बेहतरीन तालमेल और त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव चिल्हड़ में गाड़ी को नुकसान पहुंचाने, गाली-गलौज करने तथा दहशत फैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग करने के मामले में संलिप्त दो आरोपियों को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दबोचने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव चिल्हड़ निवासी विकास उर्फ तर्रे तथा लोकेश उर्फ लूका के रूप में हुई है।
घटना का विवरण:
जांचकर्ता ने बताया की गांव चिल्हड़ निवासी शिव चरण ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 05 सितंबर की शाम समय करीब 08:00 बजे वह अपने घर पर मौजूद था और उसकी वैगन-आर गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान उसका पड़ोसी लोकेश उर्फ लूका अत्यधिक नशे की हालत में बाइक पर आया और उसने अपनी बाइक उसकी गाड़ी के सामने गिरा दी। इसके बाद आरोपी लोकेश ने गाड़ी की दाईं तरफ जोर-जोर से लातें मारीं, गाली-गलौज की और झगड़ा शुरू कर दिया।
इसी बीच आरोपी लोकेश ने फोन करके उनके ही गांव के विकास उर्फ तर्रे को मौके पर बुला लिया। विकास उर्फ तर्रे ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और अपनी पैंट की आड़ से एक देशी कट्टा निकालकर दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में गोली चला दी और बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी लोकेश भी अपने घर की तरफ भाग गया।
पुलिस कार्रवाई व रिमांड:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत थाना सदर रेवाड़ी में आर्म्स एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जो इस मामले में सीआईए रेवाड़ी व थाना सदर पुलिस की संयुक्त टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी और दोनों आरोपियों—विकास उर्फ तर्रे व लोकेश उर्फ लूका को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार (देशी कट्टा) व वाहनों की बरामदगी की जा सके।
आरोपी विकास उर्फ तर्रे का आपराधिक रिकॉर्ड:
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी विकास उर्फ तर्रे एक आदततन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी जिला गुरुग्राम के थाना सेक्टर-10 व थाना सदर रेवाड़ी में मारपीट, एक्साइज एक्ट व आर्म्स एक्ट के 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।
Rewari, Rewari | Sep 11, 2026