
*सोशल मीडिया पर मिली शिकायत पर एसपी जींद की त्वरित कार्रवाई*
*डायल 112 पर तैनात दोनों पुलिस कर्मचारियों को किया लाइन हाजिर, जांच के दिए आदेश*
पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह आईपीएस आमजन की शिकायतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पुलिस विभाग के कर्मचारियों के आचरण से संबंधित किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के संबंध में सरपंच रधाना द्वारा लगाए गए आरोपों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह आईपीएस के संज्ञान में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जींद ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए डायल 112 पर तैनात दोनों पुलिस कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक जींद ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जींद पुलिस में किसी भी कर्मचारी द्वारा अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही अथवा आमजन के साथ अनुचित व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जींद पुलिस का उद्देश्य आमजन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध करवाना है। पुलिस विभाग आमजन से अपील करता है कि किसी भी पुलिस कर्मचारी के संबंध में शिकायत होने पर उसे उचित माध्यम से पुलिस के संज्ञान में लाएं, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Uklana, Hissar | Sep 13, 2026