
हरदोई में अस्पताल पर गंभीर सवाल: नवजात की मौत के बाद डॉक्टर-कर्मचारी फरार, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल किया सीज
हरदोई। पाली कस्बे के शिवप्रभा अस्पताल में इलाज के दौरान एक नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप है कि नवजात की हालत बिगड़ने पर उसे शिवप्रभा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और कर्मचारी मौके से चले गए, जिससे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि नवजात की डिलीवरी पाली पीएचसी में हुई थी। हालत बिगड़ने पर परिजन बच्चे को शिवप्रभा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल के डायरेक्टर सलिल अवस्थी ने परिजनों को खुद को डॉक्टर बताया था। वहीं, परिजनों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि सलिल अवस्थी के पास डॉक्टर होने का कोई डिप्लोमा नहीं है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मामला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा तो टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल की व्यवस्थाओं व दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिवप्रभा अस्पताल को सीज कर दिया गया।
नवजात की मौत के बाद अस्पताल की भूमिका, इलाज करने वाले व्यक्ति की योग्यता और अस्पताल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूरे मामले में जांच के बाद ही यह साफ होगा कि नवजात की मौत के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है और अस्पताल में नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
Bilgram, Hardoi | Aug 23, 2026