
प्रतापगढ़ में पीएनजी गैस पाइपलाइन फटी जेसीबी से मरम्मत के दौरान हुआ रिसाव पानी पाइपलाइन मरम्मत के दौरान हुआ क्षतिग्रस्त
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मीरा भवन चौराहे पर शुक्रवार शाम पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद तेज दबाव के साथ गैस का रिसाव होने लगा। गैस रिसाव की तेज आवाज से चौराहे पर हड़कंप मच गया और दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से दूर चले गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे नगर पालिका की टीम मीरा भवन चौराहे पर पानी की पाइपलाइन की मरम्मत का काम करा रही थी। इसी दौरान जेसीबी से गड्ढा खोदते समय जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटते ही गैस तेजी से बाहर निकलने लगी।
गैस रिसाव इतना तेज था कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दे रही थी। चौराहे पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने पीएनजी गैस कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर गैस की सप्लाई बंद कराई। गैस आपूर्ति बंद होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।