आज दिनांक 10.11.2026 को आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी शेखपुरा द्वारा लगातार जन शिकायतों की सुनवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज कुल दो फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। जिसपर जिला पदाधिकारी महोदय ने दोनों फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पहले फरियादी ने माउरबाड़ी वार्ड संख्या-27 में नाली निर्माण एवं पीसीसी ढलाई कार्य में अनियमितता बरते जाने की शिकायत की। फरियादी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क का स्तर पूर्व की अपेक्षा काफी ऊंचा कर दिया गया है, जिसके कारण जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सड़क का स्तर ऊंचा होने से आसपास के घरों एवं गलियों में पानी जमा होने की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन सहित दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं तकनीकी पहलुओं की जांच कर उचित समाधान कराने की मांग की। वहीं, दूसरे फरियादी ने अपने घर के दरवाजे पर नाली का गंदा पानी जमा होने तथा जलनिकासी के रास्ते को बाधित किए जाने की समस्या से जिला पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जलनिकासी का समुचित रास्ता नहीं रहने के कारण घर के आसपास लगातार पानी जमा रहता है, जिससे उन्हें एवं उनके परिवार के सदस्यों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के कारण आसपास स्वच्छता एवं आवागमन को लेकर भी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
दोनों मामलों की सुनवाई करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय फोन से बात करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए तथा वास्तविक स्थिति का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्याओं का स्थायी एवं व्यावहारिक समाधान निकालने पर जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के कारण अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए फरियादियों को राहत पहुंचाई जाए। जिला प्रशासन शेखपुरा का उद्देश्य आमजनों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
CMO Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat
Sheikhpura, Bihar | Nov 10, 2026