घाटों की सफाई, विद्युत लाइनों को दुरुस्त किया जाये- कलेक्टर श्री यादव
==
गणेश उत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं- पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि
===
गणेश उत्सव के मद्देनजर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण,
===
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
===
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने पुलिस, राजस्व एवं नगर पालिका अधिकारियों के साथ गणेश चतुर्थी एवं अनंत चतुर्दशी के जुलूस मार्गो का निरीक्षण किया। इस दौरान फुटेरा तालाब एवं पुरैना तालाब स्थित विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा जिले में गणेश उत्सव शांति, सद्भाव और सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जाए, इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन वाले स्थानों एवं घाटों का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा जहां-जहां तालाबों एवं विसर्जन स्थलों पर सफाई की आवश्यकता है, वहां आवश्यक सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जहां विद्युत लाइनों के नीचा होने की स्थिति सामने आ रही है, वहां लाइनों को दुरुस्त कर आवश्यकतानुसार ऊंचा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। पूरे शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के उपयोग की अपील
कलेक्टर श्री यादव ने आमजन से अपील की कि गणेश उत्सव में इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं का ही उपयोग करें, ताकि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाई जा सके। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव को बड़े धूमधाम, उल्लास और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखें।
श्री यादव ने भगवान श्री गणेश से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल प्रदान करें तथा सभी लोग खुश और प्रसन्न रहें।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, लाइटिंग, विद्युत तारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी दिनों में व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा एवं निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा गणेश उत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
2 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026