11 साल बाद खुला मानस भवन का सील कमरा, अंदर मिले लाखों के म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट
तत्कालीन कलेक्टर के निर्देश पर 2015 में किया गया था सील, पीडब्ल्यूडी की सूची से किया मिलान
दमोह। मानस भवन में करीब 11 साल से सील पड़े कमरे को आज बुधवार दोपहर 2 बजे नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया। कमरे में लाखों रुपए कीमत के म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट और म्यूजिक सिस्टम रखे मिले। इनकी खरीदी और गायब होने को लेकर वर्ष 2015 में शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद तत्कालीन कलेक्टर के निर्देश पर कमरे को सील कर दिया गया था।
नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर कमरे में रखे सभी इंस्ट्रूमेंट का मिलान किया गया। सभी उपकरण सूची के अनुसार सुरक्षित मिले हैं। अब इनका परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद मानस भवन समिति की बैठक बुलाकर इनके उपयोग अथवा आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
Damoh, Damoh | Sep 9, 2026