भारत विकास परिषद द्वारा ‘गुरु वन्दन – छात्र अभिनन्दन’ कार्यक्रम आयोजित,
मेधावी छात्र व श्रेष्ठ शिक्षक सम्मानित
डीडवाना।भारत विकास परिषद के तत्वावधान में स्थानीय विद्यालय परिसर में ‘गुरु वन्दन छात्र अभिनन्दन’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति के अनुरूप गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर उनमें संस्कारों का संवर्धन करना रहा।समारोह के दौरान सत्र की कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालय के श्रेष्ठ शिक्षक को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश टाक, रामगोपाल बंजारा, महावीर प्रसाद राखेचा तथा भुवनेश शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने और गुरुजनों के दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर मंच पर विद्यालय के निदेशक डॉ. अब्दुल मुतलिफ कोटवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और श्रेष्ठ कार्य करने की भावना जागृत होती है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सम्मानित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
Didwana, Nagaur | Sep 3, 2026