निम्बी जोधा पुलिस का बड़ा खुलासा: लुकास गांव की 4 क्विंटल तिजोरी चोरी मामले में 4 शातिर नकबजन गिरफ्तार
10 दिनों तक 24×7 चला विशेष अभियान, 500 से अधिक CCTV कैमरों का विश्लेषण और ड्रोन कैमरे से सर्च कर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा।
डीडवाना।जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में निम्बी जोधा थाना पुलिस ने ग्राम लुकास में हुई 4 क्विंटल वजनी तिजोरी नकबजनी की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।गत 22 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 2 से 4 बजे के मध्य अज्ञात चोर सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर परिवादी गोपालराम जाट निवासी लुकास के मकान के पीछे पहुंचे। बदमाशों ने मकान की खिड़की की लोहे की ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया और अंदर रखी करीब 4-5 क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी को उठाकर स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर ले गए। तिजोरी में करीब 3.50 लाख रुपये नकद, 15 भरी सोने के आभूषण तथा 1 किलोग्राम चांदी रखी हुई थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए SP डॉ. शिवरान ने खुद मौके का निरीक्षण किया और FSL व MOB टीमों से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। वृत्ताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।पुलिस टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर सीकर (खंडेला, नीमकाथाना), झुंझुनूं (खेतड़ी), हरियाणा (नारनौल, नूंह) तथा अलवर (मेवात) के इलाकों में ठिकाने बदलते रहे। नीमकाथाना क्षेत्र के 15-20 किलोमीटर लंबे दुर्गम माइनिंग एरिया में आरोपियों को ढूंढने के लिए विशेष ड्रोन टीम तैनात की गई। 10 दिनों की लगातार मेहनत के बाद पुलिस टीमों ने आरोपियों का सटीक रूट ट्रेस कर उन्हें धर दबोचा।
*गिरफ्तार आरोपी व आपराधिक रिकॉर्ड*
चंद्रपाल उर्फ सी.पी. (29 वर्ष): निवासी गांवड़ी, नीमकाथाना (सीकर) – डबोक, रूपनगढ़, खींवसर, डीडवाना सहित 10 मुकदमे दर्ज।मुकेश मीणा उर्फ डेढ़ पुटिया (42 वर्ष): निवासी सांवलपुरा, अजीतगढ़ (सीकर) – अजीतगढ़, शाहपुरा व खंडेला में आपराधिक रिकॉर्ड।नरेश उर्फ दिनेश मीणा (32 वर्ष): निवासी बाजोली, रेणी (अलवर) – लक्ष्मणगढ़, बांदीकुई, झोटवाड़ा, खींवसर सहित 15 मुकदमे दर्ज।गौरव डोरिया उर्फ जागा (29 वर्ष): निवासी प्रतापनगर (जयपुर/अलवर) – मालपुरा व गांधीनगर में संगीन धाराओं में मामले दर्ज।पुलिस आरोपियों से रिमांड लेकर चोरी गए माल व वाहन की बरामदगी के लिए गहन पूछताछ कर रही है।