#Balrampur ! युवाओं और महिलाओं को वोटर बनाने की मुहिम तेज, सभी 1752 बूथों पर लगा विशेष कैंप...
डीएम व सीईओ कार्यालय के ओएसडी ने बूथों का निरीक्षण कर परखी हकीकत, आज भी सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ...
#बलरामपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को जनपद के सभी 1,752 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया गया। अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2027 के आधार पर तैयार की जा रही मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने फॉर्म-6 भरे।
अभियान की हकीकत परखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम विपिन कुमार जैन ने 294-बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर (बूथ संख्या 301 व 302) तथा प्राथमिक विद्यालय मिश्रौलिया (बूथ संख्या 250 व 251) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
दूसरी ओर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय (उप्र) के विशेष कार्याधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने भी 294-बलरामपुर और 293-उतरौला विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों का भ्रमण कर पंजीकरण कार्यों का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
आज भी बूथों पर जुटेंगे बीएलओ, 16 दिसंबर तक दर्ज कराएं आपत्ति जिला निर्वाचन प्रशासन के अनुसार, रविवार 29 नवंबर को भी जनपद के सभी बूथों पर विशेष अभियान जारी रहेगा। इस दौरान बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने निर्धारित केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची को लेकर दावे एवं आपत्तियां 16 दिसंबर, 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। किसी भी सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
#dmbalrampur