#Balrampur ! जनगणना-2027: गांव-गांव अलख जगाएगा जागरूकता रथ, डीएम ने दिखाई हरी झंडी...
04 दिसंबर तक जिले भर में भ्रमण कर स्व-गणना के फायदे बताएगी एलईडी वैन, 30 नवंबर तक पोर्टल पर खुद दर्ज कर सकते हैं जानकारी...
#बलरामपुर। जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार और इस राष्ट्रीय अभियान में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से 'जनगणना जागरूकता रथ' (एलईडी वैन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन 4 दिसंबर तक जनपद के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जनगणना के महत्व और स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगी।
इस अवसर पर डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक और आर्थिक विकास की आधारशिला है। इससे प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं का निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे घर आने वाले प्रगणकों का स्वागत करें और उन्हें सही व पूर्ण जानकारी दें, क्योंकि हर घर की भागीदारी से ही देश की सही तस्वीर उभरेगी।
30 नवंबर तक स्व-गणना का मौका, 1 दिसंबर से घर-घर दस्तक प्रशासन के अनुसार, जनगणना-2027 के तहत नागरिक 30 नवंबर, 2026 तक स्व-गणना सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए आमजन सीधे https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। डीएम ने लोगों से स्व-गणना की डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।
#DMBalrampur