#Balrampur ! मिशन शक्ति अभियान के तहत बलरामपुर में महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक...
बाल विवाह, दहेज, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और महिला अधिकारों की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी किया जागरूक
बलरामपुर, 28 नवंबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं व बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं अभियान के नोडल प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अभियान में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, गुड टच-बैड टच और महिला अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बाल विवाह और दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति बताते हुए इनके खिलाफ बने कानूनों के प्रति जागरूक किया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए 1090, 112, 108, 1098, 102, 181, 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की भूमिका बताई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं आसानी से सहायता और परामर्श प्राप्त कर सकें।
इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई और जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। बलरामपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए ऐसे जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
#balrampurpolice