दो लाख रुपये के कर्ज के लिए पूरे परिवार की हत्या, बुधनी पुलिस ने 36 घंटे में किया तिहरे हत्याकांड का खुलासा
दो आरोपी गिरफ्तार, कर्ज और ब्याज के विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश
बुधनी, गौरव गर्ग ।** मध्य प्रदेश के बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक-12 स्थित कोरी मोहल्ले में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, करीब दो लाख रुपये के कर्ज और ब्याज के विवाद में आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी थी।
मृतकों की पहचान राकेश मीणा (47), उनकी पत्नी राधा मीणा (45) और 18 वर्षीय बेटे अश्विन के रूप में हुई है। तीनों की हत्या 16 नवंबर की रात कुल्हाड़ी से वार कर की गई थी। घटना 18 नवंबर की सुबह सामने आई, जब पड़ोसी ने घर से बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनी। घर के अंदर जाकर देखने पर तीनों के शव मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। आरोपियों के बीच रकम पर ब्याज देने और कर्ज चुकाने तक फसल में हिस्सा देने की बात भी हुई थी। इसी विवाद से बचने के लिए जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच राकेश के घर पहुंचे। बातचीत के बहाने दरवाजा खुलवाकर तीनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी सुनील ठाकुर की टीम ने फॉरेंसिक, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वायड और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
**पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से 36 घंटे में तिहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई। मामले में आगे की जांच जारी है।**
**Timekhaber Now News**