बंद मकान में चोरी करने वाला 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, दो LED टीवी व मोटरसाइकिल बरामद
साउथ सिटी-1 में बंद मकान को बनाया था निशाना, पुलिस पूछताछ में चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 19 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने बंद मकान में चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम यूनिट सेक्टर-40 की टीम ने आरोपी विपिन (21 वर्ष) को साउथ सिटी-1 से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो LED टीवी, बिजली व कॉपर की तारें तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने थाना सेक्टर-40 में शिकायत दी थी कि 7/8 नवंबर की रात साउथ सिटी-1 स्थित उसके बंद मकान से LED टीवी, AC की कॉपर वायरिंग, बिजली की तारें और फ्रिज का कंप्रेसर चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में 16 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच के दौरान 19 नवंबर को आरोपी विपिन निवासी जिला दरभंगा (बिहार), हाल निवासी गांव सिलोखरा, गुरुग्राम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बंद मकानों की पिछली खिड़की से अंदर प्रवेश कर इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिजली की तारें और अन्य कीमती सामान चोरी करता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम में चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का एक अन्य मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा चोरी के अन्य सामान की बरामदगी और संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में जांच जारी है।