गुरुग्राम में फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 17 आरोपी गिरफ्तार
Apple Customer Service का अधिकारी बनकर अमेरिका और कनाडा के नागरिकों से करते थे करोड़ों की साइबर ठगी, 17 कंप्यूटर और 6 लैपटॉप बरामद
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 19 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित M3M Digital Green Building में संचालित फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 12 युवक और 5 युवतियों सहित कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को Apple Customer Service का प्रतिनिधि बताकर मुख्य रूप से अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेशी नागरिकों के मोबाइल पर फर्जी पॉप-अप अलर्ट भेजकर उन्हें दिए गए नंबर पर कॉल करने के लिए प्रेरित करते थे। इसके बाद Apple Customer Service का अधिकारी बनकर बातचीत करते और TeamViewer व ConnectWise जैसे रिमोट एक्सेस एप के जरिए मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद सुरक्षा सहायता के नाम पर 500 से 1000 अमेरिकी डॉलर तक की ठगी करते थे। ठगी की रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से प्राप्त की जाती थी।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अब तक हजारों विदेशी नागरिकों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। आरोपी पहले दिल्ली, फिर करीब छह महीने उद्योग विहार और पिछले दो महीने से M3M Digital Green Building में कॉल सेंटर चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों को मासिक 30 हजार से 50 हजार रुपये तक वेतन और कमीशन दिया जाता था। पूछताछ में नेटवर्क के मुख्य संचालकों के रूप में दिल्ली निवासी चिरगुदीन और शुभम के नाम भी सामने आए हैं।
इस मामले में थाना साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद उपकरणों की जांच कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम और विदेशी पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गुरुग्राम पुलिस की अपील: किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड न करें और न ही अपने डिवाइस का एक्सेस किसी को दें। Apple, बैंक या किसी अन्य कंपनी के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल और पॉप-अप अलर्ट की पुष्टि हमेशा आधिकारिक माध्यम से करें।