मकान में लाखों की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 14.31 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद
क्राइम ब्रांच सेक्टर-10 की कार्रवाई, आरोपी ने साथी के साथ मिलकर बंद मकान की रेकी कर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 19 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-10 ने मकान में चोरी के मामले में आरोपी रहीस खान (34 वर्ष) को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 14 लाख 31 हजार 500 रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 9 नवंबर को अपने परिवार सहित शहर से बाहर गया था। 11 नवंबर को वापस लौटने पर मकान के पिछले दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। जांच करने पर करीब 15.5 लाख रुपये की नकदी और आभूषण चोरी होने का पता चला। इस संबंध में थाना सेक्टर-9A में मामला दर्ज किया गया था।
अपराध शाखा सेक्टर-10 ने आरोपी रहीस खान निवासी मध्य प्रदेश, हाल निवासी कापसहेड़ा, दिल्ली को 16 नवंबर को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। आरोपी को इससे पहले 13 नवंबर को अवैध हथियार के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में उसने इस चोरी की वारदात में शामिल होने का खुलासा किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मकान की रेकी की थी। मकान दो दिन से बंद होने का फायदा उठाकर दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी से 14,31,500 रुपये नकद, 10 जोड़ी चांदी की पाजेब, 11 चांदी के सिक्के, एक चांदी की हंसली और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। इसके अलावा दूसरे चोरी के मामले में दो शर्ट, एक ट्रैक पैंट, तांबे की बोतल, इलेक्ट्रिक प्रेस और एक अन्य सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के तहत तथा गुरुग्राम में आर्म्स एक्ट के तहत मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।