#बालाघाट
बावनथड़ी नदी में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, रेत से भरी तीन ट्रॉलियां जब्त
एसडीएम विजय सिंह यादव के निर्देश पर राजस्व और पुलिस अमले ने की कार्रवाई, अवैध उत्खनन के रास्ते को जेसीबी से कराया बंद
जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार 29 अक्टूबर को बोनकट्टा ग्राम में बावनथड़ी नदी से अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग ने कार्रवाई की। मौके से रेत से भरी तीन ट्रॉलियां जब्त कर थाना तिरोड़ी की सुपुर्दगी में रखवाई गईं। साथ ही अवैध रेत उत्खनन के लिए बनाए गए रास्ते को जेसीबी की मदद से गहरे गड्ढे खुदवाकर बंद कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कटंगी श्री विजय सिंह यादव को गुरुवार दोपहर बोनकट्टा ग्राम में बावनथड़ी नदी से अवैध रेत उत्खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने तहसीलदार तिरोड़ी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की पुष्टि की तथा अवैध रेत परिवहन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के संबंध में अधिकारियों को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम ने थाना प्रभारी तिरोड़ी को पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और स्वयं तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, राजस्व अमले और पुलिस बल के पहुंचने से पहले ही उत्खनन में संलिप्त लोग ट्रैक्टर लेकर वहां से जा चुके थे। मौके पर रेत से भरी तीन ट्रॉलियां मौजूद थीं। आसपास ट्रैक्टरों के पहियों के निशान भी मिले।
इसके बाद एसडीएम ने ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टरों की व्यवस्था कर रेत से भरी तीनों ट्रॉलियों को थाना तिरोड़ी भिजवाया। प्रशासन ने अवैध उत्खनन के लिए बनाए गए रास्ते को जेसीबी से गहरे गड्ढे खुदवाकर बंद करा दिया, ताकि इस मार्ग से दोबारा रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन नहीं किया जा सके।
एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने बताया कि अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। बोनकट्टा में सूचना मिलने पर भी तत्काल कार्रवाई की गई है। अवैध परिवहन में संलिप्त तीन ट्रॉलियों को थाना तिरोड़ी की सुपुर्दगी में रखा गया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान थाना तिरोड़ी के उपनिरीक्षक दादूराम पटले, पटवारी प्रहलाद सहित अन्य राजस्व अमला मौजूद रहा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mineraldeptmp
12 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026