#बालाघाट
नक्सल प्रभावित रहे गांवों में विकास कार्यों को गति देने कलेक्टर ने किया भ्रमण
केरझरी, मुंडा और तुम्मा में ग्रामीणों से किया संवाद, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक शालाओं का किया निरीक्षण
नक्सलवाद के खात्मे के बाद जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, अधोसंरचना विकास और रोजगारमूलक गतिविधियां शुरू करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली जा रही है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 30 अक्टूबर को बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत दड़ेकसा के ग्राम केरझरी, मुंडा और तुम्मा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांवों में उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी जरूरतों को समझा तथा गांवों के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने तीनों गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक शालाओं का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए उन्होंने स्वयं भोजन का स्वाद चखा। केरझरी के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के नाश्ते के लिए नमकीन उपमा बनाया गया था, जबकि तुम्मा के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के भोजन के लिए रोटी और आलू की सब्जी तैयार की गई थी।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के टीकाकरण और कुपोषण की स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के सीएचओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस दौरान बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य एवं जनपद पंचायत के सीईओ श्री नितीन भट्ट भी उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#WelfareTribal
#mp_wcdmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026