#बालाघाट
स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने सात गांवों का भ्रमण
एसडीएम विजय सिंह यादव ने पटवारियों को दिया प्रतिदिन 20 रजिस्ट्री का लक्ष्य, कम प्रगति वाले गांवों में कार्य तेज करने के निर्देश
स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कटंगी एसडीएम विजय सिंह यादव एवं तहसीलदार गीता राहांगडाले ने गुरुवार को क्षेत्र के सात गांवों का आकस्मिक भ्रमण कर जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें शासन द्वारा निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा के संबंध में जानकारी दी।
एसडीएम ने बोनकट्टा, आजनबिरी, दिग्घा, कोडवी, महकेपार, सुकली एवं तिरोड़ी गांवों का भ्रमण कर संबंधित पटवारियों द्वारा किए जा रहे रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के तहत पूर्व में पट्टे प्राप्त कर चुके सभी पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री प्राथमिकता से कराई जाए, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान दिग्घा एवं कोडवी गांव में रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर एसडीएम ने संबंधित पटवारी हेमेन्द्र एवं प्रवीण शरणागत को कार्य में तेजी लाने और प्रगति बेहतर करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि सर्वर की बेहतर उपलब्धता को देखते हुए सुबह 7 से 11 बजे तक तथा शाम 6 बजे के बाद रजिस्ट्री कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। उन्होंने प्रत्येक पटवारी को प्रतिदिन 20 रजिस्ट्री करने का लक्ष्य दिया है। साथ ही कम प्रगति वाले पटवारियों को प्रतिदिन हितग्राहियों की सूची तैयार कर अधिक से अधिक रजिस्ट्री संपादित करने के निर्देश दिए।
एक दिन पहले तैयार करें हितग्राहियों की सूची
एसडीएम ने पटवारियों एवं कोटवारों को निर्देश दिए कि वे रजिस्ट्री के लिए एक दिन पहले ही 15 से 20 हितग्राहियों की सूची तैयार करें। इसके बाद संबंधित हितग्राहियों को अगले दिन सुबह रजिस्ट्री के लिए गांव में उपस्थित होने की सूचना दें, ताकि उन्हें पहले से जानकारी रहे और निर्धारित समय पर उनका कार्य पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि कोई हितग्राही गांव से बाहर है, तो उसे दूरभाष के माध्यम से सूचना दी जाए। पटवारी एवं कोटवार आपसी समन्वय से हितग्राहियों को रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करें और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसका लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीरता से कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप रजिस्ट्री कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करें।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mprevenudeptt
15 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026