जनगणना-2027 की तैयारियों का निरीक्षण, गणना ब्लॉकों के गठन एवं सीमांकन की समीक्षा
भोपाल से आए जिला प्रभारी रोहित पांडे ने किया चार्ज कार्यालयों का भौतिक निरीक्षण, कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने के निर्देश
जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में गणना ब्लॉक (EB) के गठन एवं संक्षिप्त मकानसूची (AHL) तैयार करने से संबंधित कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल से आए जिला बालाघाट प्रभारी एवं निरीक्षक श्री रोहित पांडे द्वारा 26 अक्टूबर से जिले में चल रहे कार्यों का निरीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान चार्ज स्तर के अधिकारियों को बुलाकर उनके द्वारा किए गए गणना ब्लॉकों के गठन एवं सीमांकन संबंधी कार्यों का मैन्युअल सत्यापन किया गया। इसके साथ ही बालाघाट, वारासिवनी, लालबर्रा, लामता सहित विभिन्न चार्ज कार्यालयों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान देर रात तक कार्यों की समीक्षा कर गणना ब्लॉकों के गठन एवं सीमांकन की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में विशेष रूप से यह जांच की गई कि गणना ब्लॉकों का विभाजन एवं सीमांकन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है या नहीं। गणना ब्लॉकों की सीमाओं की शुद्धता तथा निर्धारित मानकों के पालन पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि जनगणना से संबंधित आगामी कार्यों को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री डी.पी. बर्मन ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गणना ब्लॉकों का गठन एवं उनकी सीमाओं के निर्धारण का कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कार्यों में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए हैं। जिले में जनगणना-2027 की तैयारियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से गणना ब्लॉकों के गठन और सीमांकन संबंधी कार्यों की निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है।
7 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026