*लघु सचिवालय में स्थानांतरित हुआ तहसील कार्यालय जोगिंदर नगर, जीवन ठाकुर ने पूजा-अर्चना कर किया शुभारम्भ*
*जोगिंदर नगर, सुनील कुमार।*
तहसील कार्यालय जोगिंदर नगर के लघु सचिवालय में स्थानांतरित होने के उपरांत मंगलवार को नए कार्यालय का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने पूजा-अर्चना कर नए कार्यालय के कार्यों का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में एसडीएम जोगिंदर नगर मनीष चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके उपरांत लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में जीवन ठाकुर ने कानूनगो एवं पटवारियों के साथ बैठक कर संवाद किया। उन्होंने तहसील कार्यालय के लघु सचिवालय में स्थानांतरित होने पर जोगिंदर नगर की समस्त जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यालय के एक ही परिसर में संचालित होने से लोगों को अपने विभिन्न सरकारी कार्य करवाने में सुविधा मिलेगी और अब जनता के अधिकांश कार्य एक ही छत के नीचे संपन्न हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पटवारी राजस्व विभाग की रीढ़ हैं और ग्रामीण स्तर पर आम जनता के साथ उनका सीधा संपर्क रहता है। इसलिए सभी पटवारी पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं तत्परता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि आम लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके।
इस अवसर पर तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी, नायब तहसीलदार जागृति राठौर, नगर परिषद अध्यक्षा संतोष कुमारी, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि व अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल रहे।