राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर राजकीय महाविद्यालय जोगिंदर नगर में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम विवेक ने हासिल किया प्रथम स्थान
जोगिंदर नगर/शिव कुमार। राजकीय राजीव गांधी स्मारक महाविद्यालय जोगिंदर नगर में शिक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के उपलक्ष्य पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि श्री प्रकाश चौहान ने की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करते हुए प्राचार्य प्रकाश चौहान ने मानव जीवन में सत्यनिष्ठा, विवेक, धर्म एवं करुणा के सकारात्मक प्रभाव और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्य व्यक्ति के चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा मूल्यपरक जीवन जीने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने मुख्य अतिथि का औपचारिक स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा नैतिक मूल्यों पर आधारित सुंदर गायन प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात मूल्यपरक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पांच टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में टीम विवेक की मधु और तमन्ना ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं टीम सत्य की अनुष्का ठाकुर और स्नेहा ने द्वितीय तथा टीम करुणा के मृदुल और ओजस्वी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विधु भारद्वाज, प्रोफेसर धीरज, प्रोफेसर ज्योति प्रकाश सहित महाविद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सदाचार और मानवीय संवेदनाओं के महत्व का संदेश दिया गया।
Jogindarnagar, Mandi | Nov 14, 2026