राजीव गांधी मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, जोगिंदर नगर में भूगोल जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ
जोगिंदर नगर, उमेश कुमार।
राजीव गांधी मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, जोगिंदर नगर में आज दिनांक 16 नवंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य की अध्यक्षता में भूगोल जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन से हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में भूगोल विषय के महत्त्व तथा प्राकृतिक पर्यावरण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के संरक्षण के प्रति जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार सिंह, सहायक आचार्य ममता देवी तथा भूगोल विभाग के विद्यार्थियों के सहयोग से एल.ई.डी. स्क्रीन पर 'हिमालय : विश्व की सबसे युवा पर्वत श्रृंखला' विषय पर आधारित एक ज्ञानवर्धक वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को हिमालय की उत्पत्ति, भूगर्भीय संरचना तथा उसकी विशिष्ट भौगोलिक विशेषताओं की जानकारी दी गई।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भौगोलिक ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना तथा प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।