ढेलू में आयोजित ‘संगम’ कार्यक्रम में विधायक प्रकाश राणा ने की शिरकत
वरिष्ठ नागरिकों को बताया समाज की अमूल्य धरोहर, सम्मान और सेवा को बताया हमारी संस्कृति की पहचान
जोगिंदर नगर/सुनील कुमार। जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र के ढेलू में आयोजित ‘संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ कार्यक्रम में विधायक प्रकाश राणा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि हमारे बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवनभर का अनुभव, आशीर्वाद और समाज के प्रति योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना केवल हमारा सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की भी पहचान है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अनुभवों से नई पीढ़ी को जीवन में सही दिशा और मार्गदर्शन मिलता है। समाज में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, अपनापन और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक ने इस सराहनीय आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारीज ढेलू, जोगिंदर नगर तथा कार्यक्रम के सभी आयोजकों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।