*कायाकल्प योजना से खरीक प्रखंड के सरकारी विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की बदली सूरत, आधारभूत सुविधाओं में हो रहा व्यापक सुधार*
*दिनांक 09 नवम्बर 2026:-* राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी कायाकल्प योजना के तहत भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड में सरकारी विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा उनमें आवश्यक सुविधाओं का विकास करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है। योजना के माध्यम से सरकारी संस्थानों का जीर्णोद्धार, रंग-रोगन, मरम्मत एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उनके स्वरूप में बदलाव लाया जा रहा है।
कायाकल्प योजना के तहत खरीक प्रखंड में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों को शामिल किया गया है।
प्रखंड में कुल 258 योजनाएं दर्ज हैं।
इनमें 82 योजनाएं विलोपित की गई हैं तथा 176 योजनाओं के लिए तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की गई है। वहीं 82 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त है। 66 योजनाएं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबित हैं, जबकि 19 योजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा 9 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं।
*विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की पहल*
योजना के तहत खरीक प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य किया जा रहा है। मध्य विद्यालय तेलघी बालक, उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलघी, प्राथमिक विद्यालय चमनगंज, मध्य विद्यालय चोरहर, मध्य विद्यालय धोरिया, प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर तथा मध्य विद्यालय कलूचक विश्वपुरिया सहित विभिन्न विद्यालयों में कायाकल्प के तहत सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इन विद्यालयों में पहले और बाद की स्थिति में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। विद्यालय भवनों के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक सुधार से विद्यार्थियों को स्वच्छ, आकर्षक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
*स्वास्थ्य संस्थानों का भी हो रहा कायाकल्प*
कायाकल्प योजना के अंतर्गत खरीक प्रखंड के स्वास्थ्य संस्थानों में भी जीर्णोद्धार एवं रंग-रोगन से संबंधित कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरीक, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को शामिल किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरीक में भवन के जीर्णोद्धार के साथ दवा वितरण कक्ष एवं सभागार कक्ष में भी सुधार किया गया है। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अठगामा एवं तेलघी सहित विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में रंग-रोगन तथा आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य संस्थानों के जीर्णोद्धार के तहत मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुर्सी, टेबल, पंखा आदि आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। विशेष रूप से वैसे स्वास्थ्य उपकेंद्र, जिनका संचालन अपने सरकारी भवन के बजाय अन्य स्थानों पर किया जा रहा है, वहां भी उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
*विभिन्न विभागों के समन्वय से हो रहा कार्य*
कायाकल्प योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। योजना के अंतर्गत स्वीकृति, कार्यारंभ एवं पूर्णता की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुविधाजनक और स्वच्छ परिवेश विकसित करना है।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
75 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 10, 2026