अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर नवजात बेटियों का मनाया उत्सव, शिक्षा और सशक्तीकरण का दिया संदेश
जहानाबाद : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया सिकरिया महादलित टोला पहुंचीं। यहां उन्होंने दो नवजात बच्चियों को बेबी किट एवं वस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही उनकी माताओं को भी उपहार भेंट किए। इस दौरान उन्होंने बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
जिला पदाधिकारी ने नैना कुमारी (जन्म तिथि तीन अक्टूबर) और प्रिया कुमारी (जन्म तिथि 15 सितंबर) को उपहार प्रदान किए। उन्होंने बच्चियों की माताओं और ग्रामीणों से बातचीत कर बेटियों की बेहतर देखभाल तथा उन्हें शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
इस अवसर पर बच्चों के साथ 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' थीम पर केक काटकर बालिका दिवस मनाया गया। डीएम ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। प्रत्येक बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार है। उनके सर्वांगीण विकास के लिए परिवार और समाज की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने और बालिकाओं की पढ़ाई निरंतर जारी रखने पर विशेष जोर दिया।
जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि सिकरिया महादलित टोला की सभी छात्राओं का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित है। इस पर डीएम ने प्रसन्नता जताते हुए छात्राओं की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने तथा उनकी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
बिजली की समस्या दूर करने का निर्देश
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या उठाई। इस पर डीएम ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बालिका दिवस का उद्देश्य बेटियों के अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करना और उन्हें बिना भेदभाव आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।