जहानाबाद: रतनी फरीदपुर की महिला CO नुजहत सस्पेंड, पति के खाते में गए थे 1.24 लाख
जहानाबाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जहानाबाद के रतनी फरीदपुर अंचल की अंचल अधिकारी (CO) नुजहत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर अवैध तरीके से जमाबंदी कायम करने, डिमांड पंजी में छेड़छाड़, दाखिल-खारिज में अनियमितता और पति के बैंक खाते में ऑनलाइन रिश्वत लेने जैसे गंभीर आरोप हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय गया स्थित मगध प्रमंडल आयुक्त कार्यालय तय किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। विभाग की ओर से अलग से अनुशासनिक कार्रवाई का संकल्प जारी किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
मामला रतनी फरीदपुर अंचल में गैरमजरूआ जमीन की अवैध जमाबंदी और दाखिल-खारिज से जुड़ा है। आरोप है कि सीओ नुजहत ने पहले से जमाबंदी कायम नहीं रहने के बावजूद सीधी नई जमाबंदी खोल दी। दाखिल-खारिज के आवेदन संख्या 399/2025-26 को एक बार खारिज करने के बाद उसी दस्तावेज के आधार पर दोबारा स्वीकार किया गया और डिमांड पंजी में भी अवैध संशोधन किया गया। शिकायतकर्ता राजकुमार ने आरोप लगाया कि इस काम के एवज में सीओ के पति रायसूल इस्लाम के बैंक खाते में ऑनलाइन 1.24 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
डीएम की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
जहानाबाद के समाहर्ता ने 7 अगस्त 2026 को विभाग को पत्र भेजकर अंचल अधिकारी के खिलाफ शिकायतों और अनियमितताओं की रिपोर्ट सौंपी थी। रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने आरोप पत्र गठित कर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की।
एफआईआर में 'खेल' पर उठे सवाल
जिलाधिकारी के आदेश पर शकुराबाद थाने में 19 नवंबर 2026 को कांड संख्या 304/26 के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने सीओ पति-पत्नी समेत सात लोगों को अभियुक्त बनाया है, लेकिन आरोपों के केंद्र में रही महिला सीओ को नंबर-2 का संदिग्ध अभियुक्त और उनके पति रायसूल इस्लाम को नंबर-1 का अभियुक्त बनाया गया। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने जांच के आदेश दिए और मामले की जांच स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) को सौंपी गई है।