स्कूल-कॉलेजों के आसपास 500 मीटर तक रहेगा ड्रग्स फ्री जोन
जहानाबाद : जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, बिक्री और सेवन पर रोक लगाने को लेकर सोमवार को समाहरणालय में एनसीओआरडी (नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर) जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मादक पदार्थों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के आसपास 500 मीटर की परिधि को ड्रग्स फ्री जोन घोषित करने का आदेश दिया। इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और सेवन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने ‘ऑपरेशन चबूतरा’ के तहत स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों और युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके।
बैठक में संभावित अवैध अफीम की खेती पर ड्रोन से निगरानी करने और फसल मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे नष्ट कराने का निर्देश दिया गया। मद्य निषेध विभाग और जीआरपी को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को कहा गया।
वहीं, कोडीन युक्त सिरप की बिक्री, भंडारण और वितरण की जांच के लिए मद्य निषेध विभाग तथा औषधि निरीक्षक को संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ लगातार कार्रवाई करने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।