शकुराबाद थाना का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को शकुराबाद थाना का निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान थाना अभिलेखों, सीसीटीवी, ओडी जांच, हाजत की सुरक्षा, स्टेशन डायरी समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने फरार अभियुक्तों एवं वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभावी वाहन जांच, रात्रि गश्ती को सुदृढ़ करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने तथा शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। उन्होंने थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अंचल पुलिस निरीक्षक (सदर), थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।