बाढ़ राहत शिविरों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग
भागलपुर, दिनांक – 12.09.2026। बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण को लेकर विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में भागलपुर के बरारी स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों के बीच मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता तथा गैर-संचारी रोग (NCD) स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया।
राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों को बाढ़ जैसी आपदा के दौरान उत्पन्न होने वाले तनाव, चिंता, भय, नींद में परेशानी एवं मानसिक दबाव के संबंध में जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने, अपनी समस्याओं को परिवारजनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय एवं मनोसामाजिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग की गई। अभियान के दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य सामान्य गैर-संचारी रोगों की जांच के साथ-साथ कैंसर के संभावित लक्षणों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। जांच में संदिग्ध पाए गए लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की जांच/उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम, जिसमें गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. पंकज मनस्वी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मणि भूषण झा, जिला लेखा प्रबंधक श्री सोमेश झा एवं मनोवैज्ञानिक निशांत कुमार शामिल थे, ने बताया कि आपदा के समय राहत एवं बचाव के साथ-साथ नियमित दवाओं का सेवन करने वाले मरीजों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य संवेदनशील लोगों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। राहत शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा नियमित रूप से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का आकलन किया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में "शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य" की सुविधा भी उपलब्ध हो तथा किसी भी बीमारी की पहचान प्रारंभिक अवस्था में कर उसका समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग का संदेश:
"आपदा के समय स्वास्थ्य का रखें ध्यान—मन स्वस्थ तो तन स्वस्थ, बीमारी की समय पर करें पहचान।"
CMO Bihar
District Administration Patna
Madhepura District Administration
District Administration, Madhubani
DM Darbhanga
DM Bhojpur
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Bhagalpur, Bihar | Sep 12, 2026