भागलपुर, 12 सितंबर 2026:- सांस्कृतिक संस्था आलय के सहयोग से जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, भागलपुर एवं भागलपुर संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भागलपुर संग्रहालय के प्रेक्षागृह में चर्चित हिंदी लघु फिल्म ‘सूर्यमुखी’ की विशेष स्क्रीनिंग सफलतापूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सहायक संग्रहालय अध्यक्ष अंकित रंजन ने किया। स्क्रीनिंग में कलाप्रेमियों, साहित्यकारों, स्थानीय कलाकारों, फिल्मकारों एवं सिनेमा से जुड़े युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फिल्म ‘सूर्यमुखी’ का निर्देशन सुमित कुमार सिंह ने किया है, जबकि फिल्म में मुकेश राम ने मुख्य भूमिका निभाई है। भागलपुर की सांस्कृतिक संस्था आलय से जुड़े कलाकार आलोक एवं मिथिलेश ने भी फिल्म में प्रभावशाली अभिनय किया है। हिंदी भाषा में निर्मित यह लघु फिल्म राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रही है। फिल्म को विभिन्न फिल्म समारोहों में बेस्ट सिनेमा, बेस्ट डायरेक्शन, बेस्ट सिनेमेटोग्राफी सहित कई श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। नैनोकॉन फिल्म फेस्टिवल, कोलंबिया में फिल्म को बेस्ट ऑफ शो सहित सम्मान मिला है। इसके अलावा Films That Move, Virginia, Lucknow Film Festival, Cine Dreams International Film Festival, Mumbai तथा Jagran Film Festival के लिए भी फिल्म का चयन हुआ है।
स्क्रीनिंग के पश्चात संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म के निर्देशक, निर्माता, अभिनेता एवं फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों से दर्शकों ने फिल्म की कहानी, निर्देशन, अभिनय, सिनेमेटोग्राफी तथा निर्माण प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे। फिल्म से जुड़े सदस्यों ने दर्शकों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अपने अनुभव साझा किए। संवाद कार्यक्रम विशेष रूप से स्थानीय युवा फिल्मकारों एवं सिनेमा में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा।
इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सहायक संग्रहालय अध्यक्ष अंकित रंजन ने अपने संबोधन में कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार की फिल्म पॉलिसी तथा बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड के सिंगल विंडो सिस्टम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है और राज्य में नई फिल्मों की शूटिंग हो रही है। फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सब्सिडी का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने स्थानीय फिल्मकारों एवं कलाकारों से इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
अंकित रंजन ने कहा कि अंग क्षेत्र और विशेषकर भागलपुर में फिल्म शूटिंग के लिए अपार संभावनाएं हैं। यहां की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध लोक संस्कृति, कला, प्राकृतिक परिवेश और सामाजिक जीवन फिल्मकारों को विविध विषय प्रदान करते हैं। अंग क्षेत्र के स्थानीय फिल्म मेकर, अभिनेता एवं अन्य कलाकार बिहार, विशेषकर भागलपुर की संस्कृति, इतिहास और विरासत पर आधारित फिल्मों का निर्माण कर सकते हैं। ऐसे रचनात्मक प्रयासों को स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
फिल्म ‘सूर्यमुखी’ की स्क्रीनिंग पर निर्देशक सुमित कुमार सिंह ने जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भागलपुर में फिल्म की स्क्रीनिंग उनके लिए अत्यंत उत्साहवर्धक अनुभव है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी के फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को काफी प्रोत्साहित करेंगे तथा स्थानीय स्तर पर सिनेमा के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करेंगे। उन्होंने फिल्म में भागलपुर के कलाकारों मिथिलेश एवं आलोक के अभिनय की भी सराहना की।
कार्यक्रम में राजीव कांत मिश्रा, आलय के सचिव शशि रंजन, डॉ. चैतन्य प्रकाश, मनोज कुमार सिंह, सोनी भारती, गौतम यादव, रमन कर्ण सहित बड़ी संख्या में कलाप्रेमी, साहित्यकार, कलाकार एवं फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
भागलपुर संग्रहालय के प्रेक्षागृह में आयोजित यह स्क्रीनिंग संग्रहालय को कला, संस्कृति और विरासत के साथ-साथ सिनेमा एवं रचनात्मक संवाद के जीवंत मंच के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम ने स्थानीय कलाकारों और युवा फिल्मकारों को नई संभावनाओं से परिचित कराने के साथ भागलपुर में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
District Administration Patna
Madhepura District Administration
District Administration, Madhubani
DM Darbhanga
DM Bhojpur
Information & Public Relations Department, Government of Bihar