भागलपुर, दिनांक 12 सितंबर 2026:- राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन के अवसर पर विभागीय अधिसूचना एवं प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में ट्रैफिक एवं परिवहन से संबंधित चालानों के निस्तारण तथा निर्धारित छूट का लाभ आमजनों को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक विभाग द्वारा संयुक्त रूप से परिवहन कार्यालय एवं ट्रैफिक कार्यालय में विशेष फ्री सीटिंग की व्यवस्था की गई। उक्त कार्य दिनांक 07 सितंबर 2026 से प्रारंभ किया गया था। इस दौरान आमजनों को उनके लंबित ट्रैफिक एवं परिवहन चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया में आवश्यक सुविधा एवं सहयोग उपलब्ध कराया गया। दिनांक 07 सितंबर से 11 सितंबर 2026 के बीच लगभग 6,000 चालानों का निस्तारण किया जा चुका है। इस विशेष व्यवस्था से बड़ी संख्या में लोगों को विभागीय अधिसूचना के अनुरूप निर्धारित छूट का लाभ प्राप्त करने तथा अपने लंबित चालानों का निस्तारण कराने में सुविधा मिली है। वहीं, आज दिनांक 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में भी ट्रैफिक एवं परिवहन से संबंधित चालानों के निस्तारण के लिए बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित हुए हैं। लोक अदालत में उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा मौके पर ही चालानों का निष्पादन किया जा रहा है। चालानों के निस्तारण से संबंधित अवार्ड तैयार कर संबंधित पक्षकारों को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही है। लोक अदालत स्थल पर आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बड़ी संख्या में लोग कतारबद्ध होकर अपनी बारी के अनुसार चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं। ट्रैफिक एवं परिवहन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। पूरी कार्रवाई सुचारू, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक तरीके से संचालित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित ट्रैफिक एवं परिवहन चालानों के निस्तारण के लिए उपलब्ध इस अवसर का लाभ उठाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने लंबित मामलों का निष्पादन कराएं।
District Administration Patna
CMO Bihar
Madhepura District Administration
District Administration, Madhubani
DM Darbhanga
DM Bhojpur
Information & Public Relations Department, Government of Bihar