भागलपुर, दिनांक 11.09.2026। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आज जिलाधिकारी, भागलपुर, पुलिस अधीक्षक, नवगछिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया द्वारा रंगरा एवं गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न संवेदनशील एवं प्रभावित तटबंधों का स्थल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कटाव एवं ब्रीच की स्थिति तथा चल रहे निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में रंगरा प्रखंड अंतर्गत धोबनिया जमींदारी बांध में हुए लगभग 20 फीट के कटाव स्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे डॉवल निर्माण, बांस पाइलिंग, एन.सी. कार्य तथा बालू से भरे बोरे लगाने के कार्यों की जानकारी ली। नदी की ओर से बांध की सुरक्षा के लिए प्लास्टिक शीट की परत लगाकर बालू से भरे बोरे लगाए जा रहे हैं, वहीं बांध पर ओवरटॉपिंग के पानी को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
अधिकारियों द्वारा ब्रह्मोत्तर बांध का भी निरीक्षण किया गया, जहां रात्रि में उत्पन्न हुए ब्रीच को नियंत्रित कर लिया गया है। मौके पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों की तकनीकी टीमों से किए गए कार्यों एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। ब्रीच को नियंत्रित करने में जल संसाधन विभाग की टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए सहयोग की भी सराहना की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को संवेदनशील तटबंधों पर निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
इस दौरान धोबनिया बांध, बुढ़िया बांध सहित अन्य संवेदनशील स्थलों की स्थिति की भी जानकारी ली गई तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित विभागों की टीमें संवेदनशील स्थलों पर सक्रिय हैं तथा तटबंधों की सुरक्षा एवं बाढ़ के संभावित प्रभाव को कम करने के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी है।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
CMO Bihar
Bhagalpur District Administration