समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 29 सितंबर 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित
सड़क सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भू-विवाद, मद्य निषेध, खनन, साइबर क्राइम एवं लोक शिकायत मामलों की हुई समीक्षा; अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, मद्य निषेध, भू-विवाद, विधि-व्यवस्था, खनन, साइबर क्राइम, बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम एवं बिहार लोक सेवा का अधिकार अधिनियम से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिला पदाधिकारी ने सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर एम्बुलेंस एवं टोइंग वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक साइनेज लगाने तथा यातायात पुलिस उपाधीक्षक को ब्लैक स्पॉट के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही आगामी पर्वों के दौरान यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए चिन्हित मार्गों पर वाहनों के परिचालन हेतु रूट चार्ट तैयार करने तथा आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को इस संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने भू-समाधान पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि भूमि विवादों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को नियमित रूप से साप्ताहिक बैठक आयोजित करने, प्राप्त सभी परिवादों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि भू-समाधान पोर्टल पर सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील मामलों का स्वयं संज्ञान लेकर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा के दौरान सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को 24×7 क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। खराब कैमरों की तत्काल मरम्मत कराने तथा आगामी पर्वों के मद्देनजर यातायात प्रबंधन के लिए विस्तृत रूट चार्ट तैयार करने को कहा गया।
अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को सभी पूजा पंडालों एवं प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
मद्य निषेध से संबंधित मामलों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने जप्त शराब एवं शराब के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों का नियमानुसार विनष्टीकरण एवं नीलामी की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने अभियान चलाकर प्रत्येक थाना क्षेत्र से बड़े बकायेदारों के विरुद्ध बॉडी वारंट के अनुपालन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को पाक्षिक बैठक आयोजित कर नीलाम पत्र वादों की नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।
बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम की समीक्षा के क्रम में सभी अंचलाधिकारियों को लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त लोक शिकायत निवारण केंद्रों पर प्राप्त ऑफलाइन आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। आईटी प्रबंधक, बक्सर को इन मामलों की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात, नागरिक सुविधाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न हो तथा सभी कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #CMOBihar #samratchoudhary #CMO #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Sep 29, 2026