सेवा सेतु शिविर में पहुंचीं डीएम, आवेदनों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
जहानाबाद : बिहार सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत जिले के सभी सात प्रखंडों में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविर के तहत मंगलवार को मखदुमपुर प्रखंड में शिविर लगाया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन करें। आवास से संबंधित आवेदनों की जांच कर पात्र लाभुकों के मामलों को ग्राम सभा से पारित कराकर आगे की कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, जॉब कार्ड से संबंधित आवेदनों की तत्काल जांच कर पात्र लोगों को नियमानुसार जॉब कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शिविर में सोलर पैनल का डेमो प्रदर्शित करने को कहा। कृषि विभाग को किसानों को फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आइडी (एफआर आइडी) बनाने में सहयोग देने तथा उद्योग विभाग को उद्यमी एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
शिविर में तीन पात्र लाभुकों को बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ भी प्रदान किया गया। इनमें सुगांव की कौशमी देवी, सविता देवी और खुशबू देवी शामिल हैं।
डीएम ने संबंधित विभागों को पात्र लोगों को आवास, रोजगार, कृषि, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आवेदनों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।